किशनगंज: जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं के बीच फैली चिंता को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने स्पष्ट आश्वासन दिया है। जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि वर्तमान में 7518 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर जिले में स्टॉक के रूप में उपलब्ध हैं, जिससे घरेलू उपयोग में किसी प्रकार की तंगी नहीं है। साथ ही आपूर्ति और वितरण व्यवस्था भी सुचारू रूप से चल रही है, जिससे उपभोक्ता आराम से अपनी बुकिंग करा सकते हैं।
एलपीजी गैस की होम डिलीवरी की व्यवस्था भी फिलहाल पूरी तरह सामान्य है। जिलाधिकारी ने बताया कि अब उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी तक जाने की जरूरत नहीं है—वे घर बैठे फोन या ऐप के माध्यम से आराम से सिलेंडर बुक कर सकते हैं। बुकिंग के बाद 2–3 दिनों के भीतर ही गैस सिलेंडर घर पर पहुंच जाता है, जो पहले की तरह समय सीमा के अंदर ही है। शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 45 दिन के अंतराल के बाद ही नई बुकिंग की समय‑सीमा तय की गई है, ताकि कालाबाजारी और जमाखोरी रोकी जा सके।
कालाबाजारी और गैस सिलेंडर की गलत बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने धावा दल तैनात कर रखा है, जो नियमित छापेमारी कर रहा है। जिलाधिकारी ने साफ‑साफ कहा है कि यदि किसी प्रकार की शिकायत मिली, तो शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में काम कर रहा है। कंट्रोल रूम की टेलीफोन नंबर 06456–225152 है, जिसपर उपभोक्ता सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
आज कुल दो शिकायतें दर्ज हुईं, जिन्हें समय पर ही निपटा दिया गया है। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें और अफवाहों पर भरोसा न करें, क्योंकि जिले में स्थिति पहले से ही सामान्य और नियंत्रण में बनी हुई है।









One Response
Good job keep it up