बिहारशरीफ: मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने अपनी महत्वाकांक्षी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत आज गुरुवार को अपने गृह जिला नालंदा का दौरा किया और जिलें के विकास का नया अध्याय शुरू कर दिया। उनके आगमन से पूरा जिला उत्साह से भर गया, जबकि जिला प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सजग दिखे। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने नालंदा को 810 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की बड़ी उपहार सौंपी, जिससे आने वाले कुछ सालों में शहर की सड़कें, खेल सुविधाएं, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे।
नालंदा की सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर मरम्मत, रंग–रोगन और सौंदर्यीकरण का काम युद्धस्तर पर पूरा किया गया था। शहर की प्रमुख सड़कों को साफ सुथरा किया गया और विभिन्न जगहों पर भव्य स्वागत द्वार बनाए गए। मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे हेलीकॉप्टर से बिहारशरीफ पहुंचे, जहां नालंदा कॉलेज और सोगरा हाई स्कूल मैदान में विशेष हेलीपैड बनाया गया था। वहां से वे सड़क मार्ग से पुराना रांची रोड गए, जहां एलआईसी भवन से सोगरा कॉलेज मोड़ तक गया बना हुआ स्मार्ट सिटी फ्लाईओवर का उद्घाटन किया, जिससे भीड़–भाड़ वाले समय में जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद नितीश कुमार कोसुक गांव के समीप पंचाने नदी पर बन रहे रिवर फ्रंट के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर गए और दीपनगर स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम होल्ड किया। स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 316 करोड़ की लागत से 110 योजनाओं का उद्घाटन किया और 494 करोड़ की 106 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें सरमेरा में कृषि अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, नगर निकायों की विकास योजनाएं, पंचायत सरकार भवन, स्मार्ट सिटी के तहत स्कूल–जीविका भवन और नये खेल मैदान शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने यहां एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया और विकास कार्यों की प्रगति पर जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने रेड जोन और नो फ्लाई जोन की व्यवस्था की, जबकि यातायात के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहा। शहर के रांची रोड, अस्पताल मोड़ और कचहरी मोड़ पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित था और बाहरी वाहनों के लिए पार्किंग जोन बनाए गए थे, ताकि दैनिक जीवन पर न्यूनतम असर पड़े।








